29 C
Kolkata
Tuesday, April 14, 2026

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि, संविधान के मूल्यों पर चलने का किया आह्वान

रांची । भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज राजधानी रांची में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने डोरंडा स्थित अंबेडकर चौक पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

cm1
cm1

लोकतंत्र के आधार स्तंभ हैं बाबा साहेब: राज्यपाल
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने डॉ. अंबेडकर के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने देश को एक ऐसा सशक्त संविधान दिया, जो समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की नींव पर टिका है। उन्होंने कहा “विपरीत परिस्थितियों में भी बाबा साहेब ने जो संकल्प दिखाया, वह आज के युवाओं के लिए प्रेरणा है। शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम मानकर उन्होंने समाज के भेदभाव के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी, उसी का परिणाम है कि आज भारत विश्व का सबसे बड़ा और मजबूत लोकतंत्र है।”

समानता और न्याय के लिए समर्पण: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बाबा साहेब को एक महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन शोषितों, वंचितों और पिछड़ों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे बाबा साहेब के आदर्शों को आत्मसात करें ताकि एक समावेशी और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सके।

इस दौरान डोरंडा क्षेत्र में जनसैलाब उमड़ा रहा, जहाँ लोगों ने बाबा साहेब के जयघोष के साथ उनके सामाजिक और लोकतांत्रिक योगदान को याद किया।

Related Articles

नवीनतम लेख