31.2 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती के अपहरण का आरोप, सात दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का मामला

रामगढ़। सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती एक 19 वर्षीय युवती के लिए मुसीबत बन गई। आरोप है कि युवक ने फिल्म दिखाने के बहाने उसे बुलाया, फिर हजारीबाग ले जाकर सात दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रामगढ़ पुलिस ने उसे हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया और आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

फिल्म दिखाने के बहाने बुलाकर ले जाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के बयान पर मंगलवार को रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। युवती की कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हजारीबाग के कोर्रा निवासी रितिक सिंह से पहचान हुई थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत के बाद संपर्क बढ़ा।

आरोप है कि 5 जुलाई को रितिक ने युवती को फिल्म दिखाने के बहाने राजीव सिनेमा हॉल के पास बुलाया। उसने युवती से जेल मोड़ तक आने को कहा। वहां वह अपने दो साथियों के साथ कार से पहुंचा और युवती को हजारीबाग ले गया।

बंधक बनाकर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, रास्ते में आरोपित ने अपने दोनों साथियों को उतार दिया। इसके बाद वह युवती को स्कूटी से एक किराए के कमरे में ले गया, जहां उसका मोबाइल फोन छीनकर उसे बंधक बना लिया।

पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई, कई बार जबरन दुष्कर्म किया गया और गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया गया।

मकान मालिक के फोन से दी परिजनों को सूचना

पीड़िता ने 12 जुलाई की रात मौका मिलने पर मकान मालिक के मोबाइल फोन से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद रामगढ़ पुलिस हजारीबाग पहुंची और कोर्रा थाना क्षेत्र से युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपित रितिक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया है और न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया गया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख