31.9 C
Kolkata
Thursday, July 2, 2026

उत्तराखंड में झमाझम बारिश का असर, बदरीनाथ हाईवे और केदारनाथ पैदल मार्ग बंद

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, बागेश्वर और टिहरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे गुलाबकोटि के पास तथा केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच भूस्खलन और पत्थर गिरने से बंद हो गया है।

स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश

बारिश के मद्देनजर बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों में गुरुवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और चारधाम यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है।

केदारनाथ पैदल मार्ग पर रोकी गई आवाजाही

रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग और मुनकटिया के बीच सुबह पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पैदल आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी है।

जिला प्रशासन के अनुसार सुबह 9:44 बजे मुनकटिया क्षेत्र में पत्थर गिरने की सूचना मिलने के बाद तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा और बड़े पत्थर हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

दो से तीन दिन और सक्रिय रहेगा मानसून

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। ऐसे में लोगों और श्रद्धालुओं से प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख