34 C
Kolkata
Tuesday, April 21, 2026

ओरिएंट क्राफ्ट की महिला कर्मियों का जोरदार हंगामा, 2 महीने से वेतन नहीं मिलने पर ठप किया काम

रांची । खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में मंगलवार को महिला कर्मचारियों का धैर्य जवाब दे गया। पिछले दो महीनों से बकाया वेतन का भुगतान न होने से नाराज सैकड़ों महिला कर्मियों ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया और काम करने से पूरी तरह इनकार कर दिया।

पुलिस की मौजूदगी में प्रबंधन से वार्ता
प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए खेलगांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। पुलिस की मध्यस्थता में कंपनी प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई। प्रबंधन ने भरोसा दिलाया है कि अगले सोमवार तक सभी कर्मचारियों के बकाये वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा।

फैक्ट्री में कुल 2400 कर्मचारी हैं, जिनमें 85 प्रतिशत महिलाएं हैं। आश्वासन के बावजूद करीब 40 प्रतिशत महिला कर्मी वेतन मिलने तक काम पर लौटने को तैयार नहीं हैं। फैक्ट्री परिसर में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

आर्थिक संकट से जूझ रही कंपनी?
तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास की पहल पर स्थापित इस यूनिट में अमेरिका के बड़े ब्रांड्स जैसे ‘द क्रू’, ‘पोलो’ और ‘डिक्स’ के गारमेंट्स तैयार होते हैं। हालांकि, कोरोना काल की मंदी और हाल ही में अमेरिका द्वारा टैरिफ बढ़ाए जाने के कारण निर्यात में आई गिरावट से कंपनी का उत्पादन और वित्तीय स्थिति प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर अब कर्मचारियों के वेतन पर दिख रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख