35 C
Kolkata
Saturday, May 16, 2026

चेन छिनतई कर रहे अपराधी को महिला ने खदेड़कर पकड़ा

हजारीबाग । वट सावित्री पूजा के अवसर पर शनिवार सुबह से ही महिलाओं के गले से सोने के गहने और चेन छिनतई की कई सूचनाओं से हड़कंप मचा रहा। त्योहार के माहौल में सक्रिय हुए शातिर चोरों ने अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाया। लेकिन इसी बीच शहर में एक ऐसी घटना घटी, जिसने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए। एक स्कूटी सवार जांबाज महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने गले से चेन और हैंडबैग छीनकर भाग रहे शातिर चोर को दौड़ाकर पकड़ लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपनी स्कूटी से जा रही थी, तभी घात लगाए उच्चकाें ने अचानक हमला कर उनके गले से सोने की चेन और हाथ से हैंडबैग झपट कर भागने लगा। आम तौर पर ऐसी घटनाओं में महिलाएं सहम जाती हैं, लेकिन इस बहादुर महिला ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाई और शोर मचाते हुए अपनी स्कूटी से ही चोर का पीछा करना शुरू कर दिया। महिला के साहस और लगातार शोर मचाने के कारण चोर घबरा गया। कुछ ही दूरी पर महिला ने स्थानीय लोगों के सहयोग से भाग रहे चोर को रंगे हाथों दबोच लिया। इससे घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने चोर की जमकर धुनाई भी की। पूछताछ में पकड़े गए चोर ने अपना नाम अरबाज खान बताया है, जो शहर के पगमिल इलाके का रहने वाला है।

वहीं महिला के इस साहसिक कदम की पूरे शहर में सराहना हो रही है। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपित अरबाज खान से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि आज शहर में हुई अन्य छिनतई की घटनाओं का भी खुलासा हो सके।

Related Articles

नवीनतम लेख