35 C
Kolkata
Saturday, May 16, 2026

गढ़वा में दो सड़क हादसे, चार लोगों की मौत, दो घायल

गढ़वा । गढ़वा में मुड़ीसेमर-गढ़वा फोरलेन सड़क पर शुक्रवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे इतने भीषण थे कि एक बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया गया।

पुलिस के अनुसार, पहली दुर्घटना श्रीवंशीधरनगर थाना क्षेत्र के जतपुरा गांव के समीप हुई, जबकि दूसरी घटना बभनी गांव स्थित मिठ्ठू जायसवाल के धर्मकांटा के पास हुई।

बभनी गांव के पास एक बाइक पर पांच युवक सवार होकर जा रहे थे। सभी युवक अपने दोस्त किशुन उरांव को ओडिशा जाने के लिए ट्रेन पकड़ाने के बाद सगमा प्रखंड के कटहर गांव घूमने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान खरौंधी थाना क्षेत्र के सरपलिया गांव निवासी रघुनाथ उरांव के पुत्र चंदन उरांव (16), मंतोष उरांव (17) और सोनू उरांव (22) की मौत हो गई। वहीं मंगल उरांव के पुत्र अखिलेश उरांव (20) की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

उधर, दूसरी घटना जतपुरा गांव के पास हुई, जहां ठरकिया गांव निवासी कामेश्वर विश्वकर्मा के पुत्र राजू विश्वकर्मा (36) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि राजू गढ़वा से काम कर लौट रहा था। इसी दौरान नींद आने से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सोनबरसा गांव निवासी उमा चंद्रवंशी का पुत्र अतेंद्र कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।-

Related Articles

नवीनतम लेख