रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे कार्यदिवस की शुरुआत मंगलवार को जोरदार हंगामे के साथ हुई। छात्रों के आंदोलन और 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के विधायकों ने वेल में पहुंचकर जमकर नारेबाजी की, जिसके कारण प्रश्नकाल की कार्यवाही बाधित हुई। बढ़ते हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।
प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने आसन को 10 अगस्त को छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन में कुछ सामाजिक तत्व घुस आए थे। उन्होंने विपक्ष पर राज्य को अराजकता की स्थिति में ले जाने का आरोप लगाते हुए सरकार से 10 अगस्त के पूरे घटनाक्रम की जानकारी सदन में रखने की मांग की।
भाजपा विधायक वेल में पहुंचे
प्रदीप यादव के वक्तव्य के दौरान भाजपा विधायक वेल में पहुंच गए। उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा विधायकों ने हाथों में प्लेकार्ड लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया।
विपक्षी विधायक लगातार वेल में नारेबाजी करते रहे। इससे सदन का माहौल और गरमा गया। हंगामा बढ़ने के बाद सत्ता पक्ष के विधायक भी वेल में पहुंच गए और विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सत्ता पक्ष ने भाजपा पर लगाया आंदोलन हाईजैक करने का आरोप
सत्ता पक्ष के विधायकों ने आरोप लगाया कि 10 अगस्त को छात्रों का शांतिपूर्ण आंदोलन भाजपा ने हाईजैक कर लिया था। सत्ता पक्ष की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि छात्रों के आंदोलन को भटकाने के लिए पश्चिम बंगाल से असामाजिक तत्वों को बुलाया गया था। इस दौरान दोनों पक्षों के विधायक आमने-सामने रहे और सदन में लगातार नारेबाजी होती रही।
दोपहर 2 बजे तक सदन स्थगित
लगातार बढ़ते हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने दोनों पक्षों के विधायकों से शांत रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों में छात्रों के प्रति सहानुभूति दिखाई दे रही है। इसके बावजूद हंगामा जारी रहने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।
छात्र आंदोलन को लेकर विधानसभा के बाहर शुरू हुआ राजनीतिक टकराव अब सदन के अंदर भी दिखाई देने लगा है। भाजपा जहां छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर सरकार को घेर रही है, वहीं सत्ता पक्ष भाजपा पर छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगा रहा है।
#झारखंडविधानसभा, #छात्रआंदोलन, #लाठीचार्ज
