30.4 C
Kolkata
Saturday, June 13, 2026

केंद्रीय मंत्री निषाद ने आत्मनिर्भर भारत की उपलब्धियां गिनाईं

सुपौल । केंद्रीय मंत्री राज भूषण निषाद ने सुपौल स्थित अतिथि गृह में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार और भारत की वैश्विक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनविश्वास के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा सरकार ने अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लक्ष्य पर लगातार काम किया है। प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहल के माध्यम से करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है। डिजिटल गवर्नेंस और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए पारदर्शिता बढ़ी है तथा फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगाकर सरकारी धन की बचत की गई है।

उन्होंने ने कहा कि ग्रामीण विकास, सिंचाई, सड़क, रेलवे, मेट्रो, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, भारतनेट, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों और रेलवे के विद्युतीकरण जैसी परियोजनाओं को देश की प्रगति का आधार बताया गया।प्रेस वार्ता में महिलाओं, किसानों, युवाओं और जनजातीय समाज के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया गया। लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम विश्वकर्मा और मुद्रा योजना जैसी पहलों को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का भी जिक्र किया गया।

इस दौरान सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, नए संसद भवन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस और राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि विकास के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत किया गया है। साथ ही जी-20 की अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका को भी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया गया ।

Related Articles

नवीनतम लेख