सीवान । जिले मे बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में हुए शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में संलिप्त एक अन्य नामजद अभियुक्त रंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इसके साथ ही इस कांड में अब तक कुल सात अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। एक अभियुक्त ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 30 मई 2026 को शिवराजपुर गांव में शहजाद अली की हत्या की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं उन्होंने, सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे। मृतक के शव का पोस्टमार्टम पूर्ण वीडियोग्राफी के साथ कराया गया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में बड़हरिया थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। कांड के त्वरित उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सदर-1 एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
एसपी पूरन कुमार झा के अनुसार, तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पूर्व में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। इसके अलावा दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया तथा एक अभियुक्त ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
उन्होंने बताया कि कांड के अग्रतर अनुसंधान के दौरान 12 जून को एक अन्य नामजद अभियुक्त रंजन कुमार उर्फ रंजन चौधरी, पिता स्वर्गीय दीना चौधरी, निवासी शिवराजपुर, थाना बड़हरिया को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है।
एसपी ने कहा कि मामले में संलिप्त सभी अभियुक्तों को पुलिस रिमांड पर लेकर घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य संकलित कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कठोर सजा दिलाई जाएगी।
