भोपाल । मध्य प्रदेश में मूंग की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का पूरा लाभ और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान राजधानी भोपाल पहुंचे। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में करीब 2 हजार किसानों ने मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी देते हुए मार्च निकाला।
11 मील और होशंगाबाद रोड पर पुलिस से हुआ आमना-सामना
किसानों के भोपाल कूच को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने होशंगाबाद रोड, 11 मील और वीर सावरकर सेतु क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर किसानों को रोकने का प्रयास किया गया।
11 मील बायपास पर किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। इसके बाद कुछ किसान बैरिकेड पार कर आगे बढ़ गए। शाम को वीर सावरकर सेतु के पहले भारी पुलिस बल तैनात कर किसानों को रोकने की कोशिश की गई।
सीएम हाउस घेराव की चेतावनी
किसान नेताओं ने कहा कि सरकार जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देने की चेतावनी दी है।
किसान नेताओं का कहना है कि मूंग की पूरी उपज एमएसपी पर नहीं खरीदी जा रही, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने ई-टोकन व्यवस्था खत्म करने और बही के आधार पर खाद वितरण की मांग भी रखी है।
तिरंगा लेकर पहुंचे किसान, लगाए नारे
भोपाल की सीमा में प्रवेश करते समय किसानों ने हाथों में तिरंगा लेकर मार्च किया। इस दौरान ‘जय जवान-जय किसान’ के नारे लगाए गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों के लंबे काफिले के साथ किसान राजधानी पहुंचे।
संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, आंदोलन में प्रदेश के 19 किसान संगठन शामिल हैं। किसान क्रांति पदयात्रा बरखेड़ा से शुरू होकर औबेदुल्लागंज, मंडीदीप और 11 मील होते हुए भोपाल पहुंची।
कृषि मंत्री से बातचीत रही बेनतीजा
इससे पहले किसान नेताओं और कृषि मंत्री के बीच मूंग खरीदी के मुद्दे पर बातचीत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पटवारे ने कहा कि सरकार को जल्द फैसला लेना होगा, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की पूरी मूंग नहीं खरीदी जा रही है, जिससे लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान अब मुख्यमंत्री निवास के सामने बैठकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाएंगे।
सरकार ने कहा- किसानों के हित में हो रहा काम
किसान आंदोलन के बीच भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संवाद के माध्यम से किसानों की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।
किसानों के प्रदर्शन के कारण राजधानी के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। कटारा हिल्स रोड पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया और स्थिति पर नजर रखी।
