नई दिल्ली| भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 में इतिहास रच दिया है। अपने अंतिम पूल-ए मुकाबले में भारतीय टीम ने सिंगापुर को 25-0 के बेहद विशाल अंतर से हराकर एकतरफा और धमाकेदार जीत दर्ज की। जापान के काकामिगाहारा में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ ही भारत ने ग्रुप चरण के अपने तीनों मैच जीतकर पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया और शान से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
भारतीय टीम के लिए इस मैच में नौशीन नाज़ सबसे बड़ी स्टार साबित हुईं, जिन्होंने सिंगापुर की डिफेंस को छिन्न-भिन्न करते हुए अकेले शानदार सात गोल (8वें, 13वें, 17वें, 18वें, 40वें, 52वें और 58वें मिनट में) दागे। वहीं, अपने बेहतरीन खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुनी गईं गीताश्री नम्मी ने पांच गोल (13वें, 28वें, 47वें, 48वें और 60वें मिनट में) किए। कप्तान स्वीटी कुजूर ने भी कप्तानी पारी खेलते हुए चार गोल (2रे, 24वें, 38वें और 45वें मिनट में) ठोककर इस ऐतिहासिक जीत की मजबूत नींव रखी।
इनके अलावा भारतीय फॉरवर्ड लाइन ने सिंगापुर के गोलपोस्ट पर हमलों की झड़ी लगा दी। प्रियंका मिंज ने मैच में शानदार हैट्रिक (22वें, 37वें और 53वें मिनट में) लगाई। साथ ही दीया (27वें), नैन्सी सरोहा (36वें), श्रुति कुमारी (40वें), पुष्पा मांझी (47वें), रश्मीन कौर (47वें) और संदीपा कुमारी (51वें मिनट में) ने भी एक-एक गोल दागकर इस जीत को भारतीय हॉकी इतिहास के सबसे बड़े स्कोर में शुमार करा दिया।
मैच के पहले ही मिनट से भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक रुख देखने को मिला। दूसरे मिनट में कप्तान स्वीटी के पहले गोल के बाद नौशीन और गीताश्री ने विरोधी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। दूसरे क्वार्टर में भी यही दबदबा कायम रहा और हाफ टाइम तक भारत ने अजेय बढ़त बना ली थी। तीसरे और चौथे क्वार्टर में तो स्थिति यह हो गई कि सिंगापुर की टीम सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों को गोल करते देखती रह गई। टूर्नामेंट में लगातार मलेशिया, कोरिया और अब सिंगापुर को धूल चटाकर भारतीय टीम 9 अंकों के साथ अपने पूल में टॉप पर है, और अब सेमीफाइनल में उसका सामना पूल-बी की उपविजेता टीम से होगा।
