31 C
Kolkata
Thursday, May 14, 2026

नववर्ष पर जमशेदपुर में कड़ी सुरक्षा, सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की पैनी नजर

जमशेदपुर। आंग्ल नववर्ष-2026 को लेकर जमशेदपुर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर में बढ़ने वाली भीड़, पिकनिक स्थलों पर उमंग और देर रात तक चलने वाले जश्न को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है,ताकि लोग सुरक्षित, शांतिपूर्ण और जिम्मेदार तरीके से नए साल का स्वागत कर सकें।
एसपी(शहर) कुमार शिवाशीष ने साकची क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उनके साथ सीसीआर और ट्रैफिक डीएसपी, साकची व बिष्टुपुर थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। फ्लैग मार्च साकची के प्रमुख इलाकों से होते हुए जुबली पार्क तक पहुंचा, जहां सिटी एसपी ने पार्क परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी को शहर में होने वाले आयोजनों, पिकनिक और सार्वजनिक स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस ने विधि-व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि 31 दिसंबर की शाम से लेकर पूरी रात और 1 जनवरी को शहर के विभिन्न इलाकों में कुल 32 चेक पॉइंट बनाए गए हैं। इन चेक पॉइंट्स पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। खास तौर पर रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और ट्रिपल लोडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हुड़दंग मचाने और सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
नव वर्ष के दौरान पिकनिक स्पॉट पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए वहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। डीएसपी स्तर के अधिकारी लगातार पिकनिक स्थलों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि छेड़खानी, अवैध शराब सेवन, नशाखोरी या अन्य असामाजिक गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आंग्ल नववर्ष का जश्न शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि सभी लोग सुरक्षित माहौल में नए साल का स्वागत कर सकें।

Related Articles

नवीनतम लेख