नाहन। जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियां गांव में बुधवार को साफ मौसम के बीच एक तीन मंजिला रिहायशी मकान अचानक धराशायी हो गया। हादसे के समय मकान में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों समेत चार लोग मौजूद थे। मकान के मलबे में दबने से मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि दो डेढ़ वर्षीय बच्चियां घायल हो गईं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, भीम सिंह का तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पंचायत प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों महिलाओं की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय निर्मला पत्नी भीम सिंह और 32 वर्षीय पूजा पत्नी अमित राणा निवासी भवाई के रूप में हुई है। दोनों मां-बेटी थीं। हादसे में पूजा की डेढ़ वर्षीय बेटी ईरा और अरुण की डेढ़ वर्षीय बेटी अभियाना घायल हुई हैं। दोनों बच्चियों का नागरिक अस्पताल राजगढ़ में उपचार चल रहा है।
बताया गया कि पूजा अपने मायके में मेहमानी के लिए आई थी और गर्भवती थी। बुधवार को ही उसे अपने ससुराल लौटना था, लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के दौरान पूजा की सास भी मकान में मौजूद थीं। इसी बीच वह किसी तरह घर से बाहर निकल गईं और उनके बाहर निकलते ही मकान ढह गया, जिसकी चपेट में उनकी डेढ़ वर्षीय बच्ची भी आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि हादसे के समय मकान में दो महिलाएं और दो छोटी बच्चियां मौजूद थीं। दोनों मृतकों का नागरिक अस्पताल राजगढ़ में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत भी प्रदान की गई है। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर, तहसीलदार उमेश शर्मा और पंचायत प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर अस्पताल में मौजूद रहे। सिरमौर जिले में इस घटना को हाल के दिनों का दूसरा बड़ा हादसा बताया जा रहा है।
