28 C
Kolkata
Thursday, May 14, 2026

जमशेदपुर में उपायुक्त कार्यालय के पास चोरी की वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय से सटे इलाके में हुई चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे तमाम दावों की पोल खोल दी है। उपायुक्त कार्यालय से महज कुछ ही दूरी पर बेखौफ चोरों ने आधा दर्जन से अधिक फुटपाथी दुकानों में सेंधमारी कर इलाके में सनसनी फैला दी। यह घटना साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत जुबिली पार्क गेट के समीप की बताई जा रही है, जहां शुक्रवार की देर रात चोर गैस कटर के साथ मौके पर पहुंचे और एक-एक कर दुकानों के ताले काटते चले गए। चोरों ने नकदी के साथ-साथ दुकानों में रखे सामान पर भी हाथ साफ किया।
दुकानदार रोज की तरह शनिवार सुबह जब अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते अन्य दुकानदार और स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। जिन दुकानों को निशाना बनाया गया है, उनमें अभिनाश कुमार की पान दुकान, राजा कुमार की मोमोज दुकान, प्रदीप दास की दूध दुकान, सदन केवट की लिट्टी दुकान, बाबुनंद की चाय दुकान और विष्णु की पान दुकान सहित अन्य फुटपाथी दुकानें शामिल हैं। सभी दुकानदार चोरी गए सामान और नकदी का आकलन करने में जुटे हैं और नुकसान को लेकर खासे परेशान नजर आ रहे हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात जिला प्रशासन के केंद्र माने जाने वाले उपायुक्त कार्यालय से लगभग 50 मीटर की दूरी पर हुई है। इतना व्यस्त और संवेदनशील इलाका होने के बावजूद चोरों का बेखौफ होकर घटना को अंजाम देना रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा दुकानदारों से पूछताछ कर चोरों की पहचान में जुटी हुई है। घटना के बाद फुटपाथी दुकानदारों में भय का माहौल है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जता रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख