अहमदाबाद, 14 अगस्त (हि.स.)। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने फीबा अंडर-18 एशिया कप 2026 में गुरुवार को शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने थाईलैंड को 102-32 से करारी शिकस्त दी। प्रतियोगिता में एशिया की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं और इसका आयोजन 13 से 23 अगस्त तक अहमदाबाद में किया जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से याह्या बसरान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 27 अंक बनाए। थाईलैंड के लिए अपिराच बूनस्रांग ने सर्वाधिक सात अंक जुटाए।
फिलीपींस ने चीनी ताइपे को एक अंक से हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में फिलीपींस ने चीनी ताइपे को बेहद रोमांचक मुकाबले में 89-88 से शिकस्त दी। फिलीपींस ने दूसरे क्वार्टर की समाप्ति तक 53-29 की मजबूत बढ़त बना ली थी। हालांकि, चीनी ताइपे ने अंतिम दो क्वार्टर में जोरदार वापसी करते हुए अंतर कम कर दिया, लेकिन वह एक अंक से जीत हासिल करने से चूक गया।
चीनी ताइपे के जिया-हान हुआंग ने 28 अंक बनाकर मुकाबले में सर्वाधिक स्कोर किया। फिलीपींस के लिए जान बेनेट कैगुरुंगन ने 22 अंक बनाए। लियू टिंग-कुआन और हुआंग जिया-हान ने क्रमशः 21 और 15 अंक का योगदान दिया।
न्यूजीलैंड ने सीरिया को 67-58 से हराया
न्यूजीलैंड ने सीरिया की कड़ी चुनौती का सामना करते हुए 67-58 से जीत दर्ज की। जैक्सन बॉल ने न्यूजीलैंड के लिए 19 अंक बनाए, जबकि अराना रॉबर्टसन ने 11 अंक का योगदान दिया। दोनों खिलाड़ियों ने चौथे क्वार्टर में टीम को संभाला, जब सीरिया ने 60-45 से पिछड़ने के बाद वापसी की कोशिश की।
सीरिया की ओर से तैम अलदस्सौकी ने 15 अंक बनाए। मजाक मजाक ने 11 अंक के साथ सात रिबाउंड हासिल किए।
बहरीन ने लेबनान को 74-68 से दी मात
एक अन्य मुकाबले में बहरीन ने लेबनान को 74-68 से हराकर विजयी शुरुआत की। बहरीन के हसन अब्दुलकादिर और महदी हबीब ने 19-19 अंक बनाए।
लेबनान ने मुकाबले के दौरान कई बार वापसी करते हुए बहरीन की बढ़त को एक अंक तक सीमित किया, लेकिन बहरीन ने अंतिम क्षणों में बढ़त बनाए रखी और मुकाबला अपने नाम कर लिया। लेबनान के जॉनी सावमा ने सर्वाधिक 27 अंक बनाए, जबकि जेफरी खैरल्लाह ने 14 अंक जुटाए।
भारत में 22 साल बाद हो रही इस प्रतियोगिता में 16 टीमों को चार समूहों में बांटा गया है। प्रतियोगिता का समापन 23 अगस्त को होगा। शीर्ष चार टीमें 2027 फीबा अंडर-19 बास्केटबॉल विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। यह विश्व कप 26 जून से 4 जुलाई 2027 तक चेकिया के पारदुबित्से में आयोजित किया जाएगा।
