31.4 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

पाकिस्तान के कराची में 14 अगस्त के जश्न में गोलीबारी, महिला की मौत, 94 घायल

इस्लामाबाद, 14 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान में 14 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस के दौरान सिंध प्रांत की राजधानी कराची में हवाई गोलीबारी की घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई और कम से कम 94 लोग घायल हो गए। स्वतंत्रता दिवस के जश्न और आतिशबाजी के दौरान कई जगह लोगों ने हवा में बंदूक और तमंचों से गोलियां चलाईं। एधी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने शुक्रवार सुबह घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घायलों में 10 महिलाएं और 17 बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को जिन्ना स्नातकोत्तर चिकित्सा केंद्र, सिविल अस्पताल और अब्बासी शहीद अस्पताल ले जाया गया।

द न्यूज, दुनिया न्यूज और जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अस्पतालों ने रातभर इलाज के लिए लाए गए घायलों का ब्योरा जारी किया। अब्बासी शहीद अस्पताल में 24 मरीज पहुंचे, जिनमें एक महिला, चार बच्चे और 19 पुरुष शामिल हैं। जिन्ना अस्पताल में 35 घायलों को लाया गया। इनमें तीन बच्चे, चार महिलाएं और 28 पुरुष हैं। सिविल अस्पताल के आघात केंद्र में 26 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 10 बच्चे, चार महिलाएं और 12 पुरुष शामिल हैं।

कई इलाकों में हवाई फायरिंग, 30 संदिग्ध गिरफ्तार

अधिकारियों के अनुसार, लियारी, सदर, कोरंगी, मालिर, अजीजाबाद, नॉर्थ नाजिमाबाद, नाजिमाबाद, गुलबहार, गुलशन-ए-इकबाल, ओरंगी टाउन, जमशेद क्वार्टर्स और डिफेंस कॉलोनी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हवाई गोलीबारी की गई। पुलिस ने बताया कि कराची के पूर्वी, पश्चिमी और मध्य जिलों से इस मामले में 30 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें ख्वाजा अजमेर नगरी, समनाबाद, रिजविया सोसाइटी और सर सैयद थाना क्षेत्रों से पकड़ा गया। कई आरोपितों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गोली लगने से घायल महिला की अब्बासी शहीद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने घटना के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि आरोपित मृतका का चचेरा भाई है। कराची में स्वतंत्रता दिवस के दौरान हवाई फायरिंग की घटनाएं पहले भी लोगों की जान ले चुकी हैं। वर्ष 2025 में ऐसी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई थी और कम से कम 75 लोग घायल हुए थे। वहीं, 2024 में स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान हवाई फायरिंग में करीब 95 लोग घायल हुए थे।

आधी रात से शुरू हुआ जश्न, शहबाज ने भारत को दी चेतावनी

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, रात 12 बजे 14 अगस्त की शुरुआत होते ही कराची के लोग 1947 में मिली आजादी की वर्षगांठ मनाने के लिए सड़कों और छतों पर पहुंच गए। इस दौरान आतिशबाजी के साथ हवाई फायरिंग भी की गई। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के लोग एक “ऐतिहासिक जीत” के साये में देश के लिए कुर्बान होने वालों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

इस्लामाबाद में स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए शहबाज शरीफ ने कहा कि देश आज अपनी संस्थापक पीढ़ी के बलिदानों को याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के लिए पानी की हर एक बूंद बेहद संवेदनशील मुद्दा है। भारत की ओर से पानी के मुद्दे पर किसी तरह की गड़बड़ी किए जाने पर उन्होंने मुंहतोड़ जवाब देने की चेतावनी दी। शहबाज ने कहा कि उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता युवा पीढ़ी को विकास के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

Related Articles

नवीनतम लेख