32 C
Kolkata
Monday, April 20, 2026

“विपक्ष ने छीना आधी आबादी का हक”, महिला आरक्षण के मुद्दे पर सांसद मनीष जायसवाल का तीखा प्रहार

जमशेदपुर । हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर कड़ा हमला बोला है। बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित भाजपा महानगर की प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की स्वार्थपूर्ण राजनीति के कारण देश की महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित होना पड़ा है।

विपक्ष ने जानबूझकर डाली बाधा
सांसद जायसवाल ने आरोप लगाया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण से जुड़ा संशोधन विधेयक नारी शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था। उन्होंने स्पष्ट किया “2023 में पारित कानून में जनगणना और परिसीमन का प्रावधान पहले से ही तय है। केंद्र सरकार का लक्ष्य प्रक्रिया को तेज कर 2029 तक आरक्षण लागू करना था, लेकिन विपक्ष ने राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए इसमें अवरोध पैदा किया।”

महिला सशक्तिकरण के लिए मोदी सरकार के प्रयास
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा ने केवल नारों में नहीं, बल्कि धरातल पर महिलाओं को मजबूत किया है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, पीएम आवास योजना और मुद्रा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने महिलाओं के जीवन स्तर को बदला है।

कांग्रेस की नीयत पर उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक भानु प्रताप साही ने भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने कभी महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की इच्छाशक्ति नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में संजीव सिन्हा (भाजपा महानगर अध्यक्ष), नीलु मछुआ (महिला मोर्चा अध्यक्ष), मीरा मुंडा, शुक्ला हलदर, प्रेम झा (मीडिया प्रभारी) उपस्थित थे.

Related Articles

नवीनतम लेख