रांची । पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में सोमवार को अक्षय तृतीया का पर्व हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान और संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
राधा रानी का हुआ विशेष श्रृंगार
उत्सव की शुरुआत सुबह पंडित अरविंद पांडेय द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार और विशेष पूजा के साथ हुई। इस अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का मनमोहक श्रृंगार किया गया। उन्हें नए वस्त्रों और कीमती आभूषणों से सजाया गया, जिसे देखने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर भजनों और जयकारों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक हो गया।
छप्पन भोग और महाआरती
भगवान को लड्डू, पेड़ा, मेवा, फल और विशेष रूप से खिचड़ी का भोग लगाया गया। ट्रस्ट के सदस्यों ने सामूहिक भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए, जिसके बाद भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। आरती के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
अक्षय फल की प्राप्ति का दिन
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अक्षय तृतीया की महत्ता बताते हुए कहा “धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आज के दिन किया गया दान-पुण्य और भक्ति कार्य कभी समाप्त नहीं होता, उसका फल ‘अक्षय’ रहता है। इसी सेवा भावना के साथ ट्रस्ट निरंतर सामाजिक और धार्मिक कार्यों में जुटा है।”
इस धार्मिक अनुष्ठान में डूंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान, राजेंद्र अग्रवाल, मनोज कुमार चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, संजय सर्राफ, सुनील पोद्दार, सुरेश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित थे।

