34 C
Kolkata
Tuesday, August 11, 2026

नवादा-पावापुरी नई रेल खण्ड को मंजूरी, केंद्र सरकार ने 492 करोड़ का बजट किया आवंटित

नवादा। केंद्र सरकार ने बिहार के नवादा जिले को बड़ी सौगात देते हुए नवादा-पावापुरी नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर कुल 492.14 करोड़ रुपये की लागत आएगी। करीब 25.10 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन के निर्माण के लिए बजट भी आवंटित कर दिया गया है। नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने इस परियोजना की जानकारी देते हुए सोमवार को बताया कि नवादा जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह योजना विकसित नवादा की दिशा में एक मजबूत कदम है और रेलवे क्षेत्र में नवादा के लिए अब तक का सबसे बड़ा विकास कार्य है।
सांसद विवेक ठाकुर ने बताया कि यह रेल परियोजना नवादा को सीधे पटना और दिल्ली मेन रेल लाइन से जोड़ने की दिशा में पहला चरण है। इसके पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, साथ ही व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
इस परियोजना को लेकर नवादा लोकसभा क्षेत्र के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल मेहता, पूर्व जिला अध्यक्ष शशि भूषण सिंह, विनय सिंह सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी हुई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा और रेल सेवा चालू होने के बाद नवादा में विकास की रफ्तार और तेज होगी। सांसद विवेक ठाकुर ने दोहराया कि विकसित नवादा बनाना उनका संकल्प है और इसके लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख