31 C
Kolkata
Wednesday, April 29, 2026

झारखंड विधानसभा में अवैध अफीम खेती का मुद्दा गरमाया, विधायक प्रदीप यादव ने भी राष्ट्रीय मुद्दे उठाए

रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के नौवें दिन सोमवार को होली के लंबे अवकाश के बाद सदन की कार्यवाही शुरू हुई। कार्यवाही के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए, जिनमें राज्य में बढ़ती अवैध अफीम की खेती का मामला प्रमुख रहा।

लिट्टिपाड़ा से विधायक हेमलाल मुर्मू ने सदन में राज्य में बढ़ रही अवैध अफीम की खेती को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती हो रही है, जो कानून व्यवस्था और समाज के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।

उन्होंने सदन को बताया कि पिछले कुछ वर्षों में अफीम की खेती के आंकड़ों में लगातार वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, वर्ष 2020-21 में 2871 एकड़, वर्ष 2022-23 में 5494 एकड़ और वर्ष 2023-24 में 4853 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती पाई गई थी। जबकि वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा अचानक बढ़कर 27,215 एकड़ तक पहुंच गया है।

हेमलाल मुर्मू ने राज्य सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध खेती आखिर किसके सहयोग से हो रही है। उन्होंने पिछले चार वर्षों में दर्ज मामलों, लंबित जांच और दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा भी मांगा। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

विधायक के सवालों का जवाब देते हुए विभागीय मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि वर्ष 2024-25 में विभिन्न जिलों में 27,215 एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया था। सरकार ने विशेष अभियान चलाकर इस अवैध फसल को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। यदि इस मामले में किसी अधिकारी या व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तक पुलिस विभाग के किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है।

प्रदीप यादव ने खिलाड़ियों और यूपीएससी के सफल युवाओं को दी बधाई

पोड़ैयाहाट से विधायक प्रदीप यादव ने सदन में टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की शानदार जीत पर खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में सफल हुए झारखंड के युवाओं की उपलब्धियों की सराहना की। विदायक ने रांची के मोहम्मद इश्तियाक रहमान, धनबाद के शुभम कुमार महतो और दुमका की सुदीपा दत्ता सहित कई सफल उम्मीदवारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन युवाओं की सफलता पूरे राज्य के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सरकार से इन प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित करने की मांग की।

प्रदीप यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति और राष्ट्रीय संप्रभुता के मुद्दे को भी सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि यह चिंताजनक है कि तेल खरीद जैसे मामलों में भी भारत को अमेरिका की अनुमति लेने की बात सामने आती है।

प्रदीप यादव ने कहा कि भारत एक स्वतंत्र देश है और उसे अपने राष्ट्रीय हितों के अनुसार फैसले लेने का पूरा अधिकार है। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस दिशा में सख्त कदम उठाने की अपील करते हुए कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों में देश के आत्मसम्मान और स्वतंत्र निर्णय क्षमता को बनाए रखना बेहद जरूरी है।

Related Articles

नवीनतम लेख