भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित नेहरू आर्ट गैलरी, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर में युवा छायाकार हिमांशु वर्मा की तीन दिवसीय एकल छायाचित्र प्रदर्शनी का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) उन्मेष भारद्वाज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी एवं महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) नीलू भारद्वाज भी उपस्थित रहीं।
उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) अमूल्य प्रियदर्शी, उप महाप्रबंधक (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) अपर्णा चन्द्रा, सहायक महाप्रबंधक (जनसंपर्क) जवाहर बाजपेई, उप प्रबंधक (जनसंपर्क) शालिनी चौरसिया, आर्ट्स क्लब के सदस्य, वरिष्ठ कलाकार, कला प्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद उन्मेष भारद्वाज ने हिमांशु वर्मा की छायाकृतियों की सराहना करते हुए कहा कि छायाचित्र केवल किसी क्षण को सहेजने का माध्यम नहीं होते, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति हमारी संवेदनाओं को भी अभिव्यक्त करते हैं। उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार दर्ज करते हुए कहा कि युवा कलाकारों की ऐसी रचनात्मक पहल कला के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक और सौंदर्यपरक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मिनिमलिस्ट शैली है पहचान
युवा छायाकार हिमांशु वर्मा अपनी विशिष्ट मिनिमलिस्ट शैली के लिए जाने जाते हैं। उनके छायाचित्र साधारण दिखने वाले दृश्यों में छिपे असाधारण सौंदर्य को उजागर करते हैं। प्रकाश और छाया के संतुलित प्रयोग, सूक्ष्म भावों की अभिव्यक्ति और क्षणभंगुर दृश्यों को संवेदनशीलता से प्रस्तुत करने की उनकी शैली दर्शकों को जीवन की छोटी-छोटी बारीकियों पर ठहरकर सोचने के लिए प्रेरित करती है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान
हिमांशु वर्मा इससे पहले वर्ष 2019 में नेहरू आर्ट गैलरी की संयुक्त छायाचित्र प्रदर्शनी में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। उनकी छायाचित्र श्रृंखला का चयन प्रख्यात फोटोग्राफर विनीत वोहरा की प्रतिष्ठित मास्टरक्लास के शीर्ष पोर्टफोलियो में हो चुका है। उनके कार्य विभिन्न ऑनलाइन फोटोग्राफी मंचों पर प्रदर्शित होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की फोटोग्राफी परियोजना का भी हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा उनके छायाचित्र कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनों तथा प्रतिष्ठित समूह प्रदर्शनियों में भी चयनित हो चुके हैं।
तीन दिन तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
यह छायाचित्र प्रदर्शनी 6 से 8 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में हिमांशु वर्मा की नवीनतम छायाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं, जिनमें प्रकृति और दैनिक जीवन के सहज, संवेदनशील एवं अर्थपूर्ण क्षणों को कलात्मक दृष्टि से प्रस्तुत किया गया है। कला प्रेमी और आम नागरिक इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर युवा छायाकार की रचनात्मक दृष्टि से परिचित हो सकते हैं।
