28 C
Kolkata
Wednesday, April 29, 2026

अमेरिका-ईरान में जंग का असर, रसोई गैस को लेकर लोगों की बढ़ी परेशानी

रांची। अमेरिका- ईरान में जंग का असर अब पूरे राज्य में दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच शहर में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग करने में दिक्कत हो रही है, वहीं बाजार में इसकी कालाबाजारी की भी शिकायतें सामने आने लगी हैं। इससे आम लोगों की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है और लोग काफी परेशान हैं।

शहर के जुगसलाई क्षेत्र स्थित काबरा गैस एजेंसी में बुधवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस बुकिंग और सिलेंडर की जानकारी लेने के लिए पहुंचे। एजेंसी के बाहर लोगों की भीड़ देखी गई। गैस बुक कराने पहुंची आशा पांडेय, संत बेहरा समेत कई ग्राहकों ने बताया कि वे पिछले तीन-चार दिनों से ऑनलाइन माध्यम से गैस बुक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बार-बार प्रयास करने के बावजूद बुकिंग नहीं हो पा रही थी। इसके बाद मजबूर होकर उन्हें सीधे एजेंसी पहुंचना पड़ा।

उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग नहीं होने के कारण उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। वहीं कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि बाजार में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। जिन घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमत करीब एक हजार रुपये है, उन्हें कुछ जगहों पर 1800 से लेकर 2000 रुपये तक में बेचा जा रहा है। इससे आम उपभोक्ता काफी परेशान हैं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हालांकि काबरा गैस एजेंसी के संचालकों ने गैस की कमी से इनकार किया है। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि गैस की आपूर्ति सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में कई लोग जरूरत से ज्यादा गैस बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके कारण डिलीवरी में थोड़ा समय लग रहा है।

एजेंसी संचालकों के अनुसार कुछ समय के लिए ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी आ गई थी, जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। हालांकि अब उस समस्या को ठीक कर लिया गया है और बुकिंग की प्रक्रिया फिर से सामान्य रूप से चल रही है।

फिर भी शहर के कई इलाकों में गैस को लेकर लोगों की चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और अफवाहों के कारण लोग अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्थिति और जटिल हो रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस की कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखी जाए और जरूरतमंद लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम लोगों की रसोई पर संकट न आए।

Related Articles

नवीनतम लेख