रांची । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर कोकर (रांची) स्थित उनके पावन समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने रांची के बिरसा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कोटि-कोटि नमन किया और उनके ऐतिहासिक व्यक्तित्व व अद्वितीय कृतित्व को याद किया।
भगवान बिरसा मुंडा का त्याग और संघर्ष प्रेरणास्रोत: राज्यपाल
इस गरिमामयी मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, संघर्ष एवं राष्ट्र के प्रति सर्वस्व समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जनजातीय समाज के स्वाभिमान, सामाजिक जागरूकता तथा राष्ट्रीय चेतना को एक नई और मजबूत दिशा प्रदान की थी। उनके महान आदर्श एवं विचार आने वाली तमाम पीढ़ियों का सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।
सवा सौ साल बाद भी देश के कोने-कोने में याद किए जा रहे हैं बिरसा मुंडा: सीएम
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि है। लगभग सवा सौ साल के लंबे वक्त के बाद भी आज पूरे देश में आदिवासी समुदाय सहित हर वर्ग के लोगों के बीच उन्हें पूरी श्रद्धा के साथ याद किया जा रहा है। निश्चित रूप से ऐसे महान और प्रेरणादायक व्यक्तित्व को सम्मान के साथ याद किया जाना बहुत ही गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदर्श एवं उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते हमें सदैव जनसेवा के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने जो इतिहास रचा है, उसे लोग सदियों तक याद रखेंगे। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम सभी लोग उन्हें स्मरण कर उनके समाधि स्थल पर शीश झुकाने आए हैं और आगे भी आते रहेंगे।
कल्पना सोरेन और मेयर रोशनी खलखो ने भी किया नमन
भगवान बिरसा मुंडा को नमन करने और श्रद्धांजलि देने के इस कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित कई अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भी प्रतिमा व समाधि स्थल पर पुष्प चढ़ाकर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
