रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर के चुनाव को लेकर टीम मुकेश अग्रवाल ने गुरुवार को बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की। बैठक में टीम के सदस्यों ने एकजुट होकर प्रचार अभियान को तेज करने का निर्णय लिया। टीम मुकेश अग्रवाल की ओर से 35 सदस्यों के चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है।
बैठक के बाद स्थानीय होटल में अपर बाजार के प्रमुख व्यवसायियों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। इस दौरान चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। व्यवसायियों से संपर्क बढ़ाने और अधिक से अधिक समर्थन जुटाने पर जोर दिया गया।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मुकेश अग्रवाल ने व्यवसायियों से सहयोग करने का आग्रह करते हुए कहा कि चैंबर व्यापारियों के हितों और उनकी समस्याओं की आवाज को मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराने, बाजार से जुड़ी परेशानियों को संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने और व्यवसाय के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की होगी।
उन्होंने कहा कि पूरी टीम एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है। व्यवसायियों के सहयोग से चैंबर को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
टीम के सदस्य प्रवीण लोहिया ने कहा कि टीम पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है। व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए चैंबर को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर व्यापारियों में उत्साह है और टीम लगातार व्यवसायियों से संपर्क कर उनका समर्थन जुटा रही है।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, ललित पोद्दार, सदस्य डॉ. अभिषेक रामधीन, अमित अग्रवाल, आस्था किरण, निधि झुनझुनवाला, अंजय सरावगी, पवन पोद्दार, भानू जालान, सीपी जैन, विक्रम महुरी, विनोद जैन, कौशल राजगढ़िया, श्रवण कुमार, मनोज चौधरी, निर्मल बुधिया, गिरीश अग्रवाल और सुनील अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद थे। यह जानकारी टीम के प्रवक्ता अमित अग्रवाल ने दी।
