डुमरी विधायक जयराम महतो ने फेसबुक पर लाइव आकर पुलिस एसोसिएशन की ओर से गिरफ्तारी के बाद जवाब देते हुए कहा कि पुलिस को अपनी सीमा और अधिकार का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों से जुड़े कुछ पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस को पहले अपने मामलों पर भी ध्यान देना चाहिए। जयराम महतो ने कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई शिकायत या आरोप है तो संबंधित पक्ष कोर्ट जा सकता है। जयराम महतो ने कहा कि वह विधानसभा के सदस्य हैं और जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं।
उन्होंने कहा, हम जनता के प्रतिनिधि हैं। आपका अधिकार है तो हमारा भी अधिकार है। संविधान में जनता के प्रतिनिधियों की भी भूमिका है। उन्होंने पुलिस एसोसिएशन को लेकर कहा कि किसी भी दबाव या अल्टीमेटम के बजाय मामले को कानून के रास्ते से आगे बढ़ाना चाहिए। विधायक जयराम महतो पर आरोप है कि उन्होंने बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर फोन पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी थी। विधायक जयराम महतो ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी मामले में कार्रवाई कानून के अनुसार ही होनी चाहिए।
