35 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक की हत्या का मामला: वाराणसी से पांचवां आरोपी गिरफ्तार, CBI को मिली बड़ी कामयाबी

कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को एक और बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से मामले के पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह हाई-प्रोफाइल मामला पश्चिम बंगाल पुलिस से सीबीआई को सौंपा गया था, जिसके बाद से केंद्रीय एजेंसी हत्या और आपराधिक साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

प्रॉपर्टी डीलर निकला पांचवां आरोपी, रिजर्व पुलिस लाइंस से पकड़ा गया
सीबीआई और स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए पांचवें आरोपी का नाम विनय राय उर्फ पपम राय है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानी क्षेत्र का रहने वाला है, लेकिन पिछले कई सालों से वाराणसी में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहा था।

खुफिया इनपुट के आधार पर सीबीआई ने आरोपी को वाराणसी के रिजर्व पुलिस लाइंस क्षेत्र से हिरासत में लिया। कैंटोनमेंट थाने में कानूनी औपचारिकताएं और मेडिकल जांच पूरी करने के बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से एजेंसी ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की और उसे पूछताछ के लिए कोलकाता ले आई।

सुपारी किलर्स का नेटवर्क: अब तक पांच गिरफ्तारियां
जांच एजेंसियों का मानना है कि इस हत्याकांड के पीछे एक संगठित सुपारी किलर्स (Contract Killers) का नेटवर्क काम कर रहा था। विनय राय से पहले इस मामले में चार अन्य आरोपियों को दबोचा जा चुका है, जिनमें मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य (बक्सर, बिहार), राज सिंह (बलिया, उत्तर प्रदेश) और मंगलवार को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया राज कुमार सिंह शामिल हैं। सीबीआई अब इन सभी आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर इस मर्डर मिस्ट्री के मुख्य मास्टरमाइंड का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख