नई दिल्ली । दुनिया के नंबर-2 टेनिस खिलाड़ी और स्पेन के स्टार कार्लोस अल्कराज ने आगामी विंबलडन 2026 (Wimbledon 2026) से हटने का एक बेहद कड़ा फैसला लिया है। अल्कराज ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि वह अपनी कलाई की चोट (Wrist Injury) से अभी तक पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके चलते वह इस साल घास के कोर्ट (Grass Court) सीजन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
अल्कराज ने कहा- “जल्द वापसी के लिए कर रहा हूँ मेहनत”
अल्कराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर अपने फैंस के साथ यह जानकारी साझा करते हुए लिखा “मेरी रिकवरी अच्छी चल रही है और मैं पहले से बेहतर महसूस कर रहा हूं, लेकिन दुर्भाग्य से मैं अभी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हूं। इसी वजह से मुझे क्वींस और विंबलडन से हटना पड़ रहा है। ये दोनों टूर्नामेंट मेरे लिए बेहद खास हैं और मैं इन्हें बहुत मिस करूंगा। हम जल्द वापसी के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।”
चोट ने बिगाड़ा शानदार सीजन का खेल
23 वर्षीय कार्लोस अल्कराज के लिए यह चोट एक बड़ा झटका साबित हुई है। विंबलडन से पहले अल्कराज फ्रेंच ओपन 2026 से भी हट चुके हैं, जहां वह गत चैंपियन (Defending Champion) थे। पिछले महीने बार्सिलोना ओपन के पहले दौर में ओटो विर्टानेन के खिलाफ जीत दर्ज करने के दौरान उनकी कलाई में चोट लग गई थी, जिसके बाद से वे कोर्ट से दूर हैं।
इसी साल जनवरी में रचा था इतिहास
अल्कराज का यह सीजन बेहद शानदार चल रहा था। उन्होंने इसी साल जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीतकर ‘करियर ग्रैंड स्लैम’ पूरा करने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बनने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इस सीजन में उनका जीत-हार का रिकॉर्ड 22-3 का रहा है और उन्होंने दोहा में भी खिताबी जीत हासिल की थी। हालांकि, मोंटे कार्लो मास्टर्स के फाइनल में यानिक सिनर से हारने के बाद उन्होंने अपनी विश्व नंबर-1 की रैंकिंग गंवा दी थी।

