पलामू। पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के विस्वसीया गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 35 वर्षीय युवक का शव घर के अंदर फंदे से झूलता हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान विस्वसीया गांव निवासी गंगा चंद्रवंशी के पुत्र सुजीत चंद्रवंशी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात किसी बात को लेकर सुजीत का अपने घरवालों से विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। शुक्रवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे और दरवाजा खटखटाया तो भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर दरवाजा खोला गया, जहां सुजीत का शव फांसी पर लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का इंक्वेस्ट किया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजने की कार्रवाई शुरू की।
इस संबंध में थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। युवक ने आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी छानबीन की जा रही है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है, वहीं पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है।


