चक्रधरपुर/पश्चिमी सिंहभूम । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पति ने अवैध संबंध के शक में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 1 मई 2026 की है। ग्राम चाकोमटोंनांग बुरूटोला निवासी 30 वर्षीय बिरसा कोंद उर्फ जोटो को अपनी 25 वर्षीय पत्नी अंजला बैसा के चरित्र पर लंबे समय से संदेह था। इसी विवाद के चलते शुक्रवार को आरोपी ने अपना आपा खो दिया और लकड़ी के डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि अंजला की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चक्रधरपुर एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्ताफा हाशमी के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बिरसा कोंद को महज कुछ ही घंटों में धर दबोचा। हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया गया।
सोनुआ थाना क्षेत्र की निवासी सलमी कन्डुलना के बयान पर टेबो थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1) के तहत केस (कांड संख्या 06/2026) दर्ज किया गया है। इस छापेमारी अभियान में टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी और एसआई दुबराज हेम्बरम सहित सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस फिलहाल मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

