शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के कुपवी क्षेत्र में क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे एक युवक की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 26 वर्षीय चालक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना 31 जुलाई की शाम कंडा बनाह के पास हुई। मृतक की पहचान कुजाह निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे कुपवी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिकायतकर्ता दलवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि क्रिकेट मैच समाप्त होने के बाद सभी युवक अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रकाश अपनी कार को कंडा बनाह स्कूल के पास पीछे कर रहा था। तभी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी ढलान में जा गिरा।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया लापरवाही से वाहन चलाने का मामला मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।
