26.4 C
Kolkata
Tuesday, July 21, 2026

जमशेदपुर के गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा ने की खुदकुशी

पूर्वी सिंहभूम। साकची थाना क्षेत्र में लाइफ लाइन अस्पताल के पास स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में रह रही 19 वर्षीय छात्रा ने फंदे से लटककर कथित रूप से खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय हुई, जब ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड ने कमरे का दरवाजा खोला।

छात्रा को तत्काल फंदे से उतारकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ निवासी नीलमणि गोराई के रूप में हुई है। बताया गया कि वह करीब दो माह पहले कंप्यूटर कोचिंग करने के लिए जमशेदपुर आई थी और उक्त हॉस्टल में रह रही थी।

महिला होमगार्ड के अनुसार, सुबह निरीक्षण के दौरान छात्रा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। इसके बाद साकची थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन जमशेदपुर पहुंच गए। बेटी की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। वहीं हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राएं भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और छात्रा द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख