पूर्वी सिंहभूम। परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा पुराना बस्ती के नीचे टोला में एक विधवा महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान महिला के रिश्ते के भतीजे टुश तियू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना 12 जुलाई की रात की है। आरोप है कि टुश तियू नशे की हालत में अपनी विधवा चाची के घर पहुंचा और जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह फरार हो गया। मानसिक रूप से आहत पीड़िता ने परसुडीह थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर 21 जुलाई को संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई।
जांच अधिकारी जेम्स एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
