अररिया। अररिया में रविवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई घरों की टीन की छतें उड़ गईं, जिससे लोगों को पूरी रात बारिश के बीच परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित हुआ।
पेड़ गिरने से सड़कें बंद, यातायात प्रभावित
आंधी के कारण एनएच-27, एनएच-327ई, स्टेट हाईवे और ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कों पर पेड़ गिर गए। सोमवार सुबह प्रशासन की टीम ने पेड़ों को हटाकर आवागमन बहाल करने का काम शुरू किया।
अररिया रेलवे स्टेशन रोड पर प्रखंड कार्यालय के समीप एक विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क के बीचों-बीच गिर गया। इसके चलते रेलवे स्टेशन जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मोटरसाइकिल, ऑटो, कार और अन्य चारपहिया वाहनों का परिचालन लंबे समय तक बाधित रहा।
रात दो बजे आई आंधी से बढ़ी परेशानी
जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जिससे कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ। घरों की छतें क्षतिग्रस्त होने के कारण लोग रातभर भीगते रहे।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं आवागमन बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। तेज आंधी और बारिश से एक बार फिर आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
