रांची। रांची जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लापरवाही बरतने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बीएलओ सुपरवाइजरों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन ने कुछ लापरवाह कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। दोषी पाए जाने पर निलंबन, विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) को निर्देश दिया कि एसआईआर कार्य में लापरवाही करने वाले कर्मियों के खिलाफ तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में फॉर्म के डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटरों और बीएलओ सुपरवाइजरों को बीएलओ की सक्रिय सहायता करने का निर्देश दिया।
14 जुलाई को होगी चुनावी पाठशाला
उपायुक्त ने सभी ईआरओ और एईआरओ को निर्देश दिया कि 14 जुलाई को सभी बूथों पर बीएलओ और बीएलए-2 की संयुक्त बैठक तथा चुनावी पाठशाला का आयोजन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इस दौरान एएसडीडी सूची का सत्यापन भी किया जाएगा।
रांची में अब तक इतनी हुई प्रगति
रांची जिले में अब तक 15,69,153 (58.67 प्रतिशत) गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 3,49,404 (13.06 प्रतिशत) फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हुआ है।
विधानसभा क्षेत्रवार फॉर्म वितरण की स्थिति इस प्रकार है—
- तमाड़ – 79.74 प्रतिशत
- सिल्ली – 79.34 प्रतिशत
- खिजरी – 67.93 प्रतिशत
- रांची – 37.77 प्रतिशत
- हटिया – 39.26 प्रतिशत
- कांके – 62.75 प्रतिशत
- मांडर – 68.72 प्रतिशत
वहीं डिजिटाइजेशन की प्रगति—
- तमाड़ – 18.08 प्रतिशत
- सिल्ली – 19.99 प्रतिशत
- खिजरी – 17.29 प्रतिशत
- रांची – 4.96 प्रतिशत
- हटिया – 9.54 प्रतिशत
- कांके – 10.28 प्रतिशत
- मांडर – 18.72 प्रतिशत
जिला प्रशासन ने उन सभी मतदाताओं से अपील की है, जिन्हें गणना प्रपत्र मिल चुका है, वे उसे सही जानकारी के साथ जल्द भरकर अपने बीएलओ को जमा करें। विशेष रूप से रांची और हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से एसआईआर अभियान को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र फॉर्म जमा करने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई है।
