34 C
Kolkata
Thursday, May 21, 2026

जोगबनी रेलवे यार्ड स्थित शिव मंदिर से शिव और पार्वती की चांदी की मुकुट चोरी

अररिया । जोगबनी स्थित रेलवे यार्ड शिव मंदिर में अज्ञात चोरों ने भगवान शिव और माता पार्वती के चांदी के मुकुट की चोरी कर ली।मुकुट की कीमत पचास हजार से अधिक की बताई जाती है।

घटना के संबंध में मंदिर के संरक्षक मनोज साह ने बताया कि यह पूरी वारदात बुधवार रात की है। गुरुवार को जोगबनी रेल थाना में लिखित जानकारी दी गई है।मंदिर के मुख्य पुजारी प्रतिदिन की भांति भगवान की विधि-विधान से संध्या आरती संपन्न करने के बाद गर्भगृह को खुला छोड़कर आसपास के स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों को आरती देने निकले थे।

पुजारी की इसी चंद मिनटों की अनुपस्थिति और मंदिर के सूनेपन का फायदा उठाकर पहले से ताक में बैठे शातिर चोरों ने गर्भगृह में प्रवेश किया और भगवान शिव व माता पार्वती के सिर पर सजे चांदी के दोनों मुकुटों को चोरी कर रफूचक्कर हो गए। पंडित जी जब वापस लौटे तो मूर्तियों के सिर से मुकुट गायब देख उनके होश उड़ गए। मुकुट चोरी होने की भनक लगते ही पुजारी ने तुरंत इसकी सूचना मंदिर के संरक्षक मनोज साह को दी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संरक्षक ने अविलंब स्थानीय नगर पार्षद प्रभात सिंह को पूरी घटना से अवगत कराया और फिर जीआरपी और आरपीएफ को इसकी जानकारी दी गई। नगर पार्षद प्रभात सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई पवित्र मुकुट बरामद की जाए।

Related Articles

नवीनतम लेख