33 C
Kolkata
Wednesday, April 22, 2026

जमीन विवाद में चली गोली, पिता की मौत, बेटा घायल

रांची | खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में शुक्रवार रात जमीन विवाद को लेकर हुए गोलीकांड में 55 वर्षीय सुकरा महतो की मृत्यु हो गई, जबकि उनके 19 वर्षीय बेटे अर्जुन महतो को गंभीर चोटें आईं। घायल अर्जुन को बेहतर उपचार के लिए रिम्स रांची भेजा गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब आठ बजे हुई जब सुकरा महतो अपने घर पर किराना दुकान में परिवार संग बैठे थे। इस दौरान, दो अज्ञात हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और अर्जुन महतो पर गोली चला दी। अर्जुन ने बचने की कोशिश की, लेकिन गोली उसके दाहिने बाजू में लगी।

इसके बाद अपराधियों ने सुकरा महतो के सीने पर गोली मारी और मौके से फरार हो गए। गोलीबारी के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण, दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा ले गए। डॉक्टरों ने सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्जुन को गंभीर स्थिति के चलते रिम्स रेफर किया गया।

मृतक के बड़े बेटे नारायण महतो ने बताया कि साल 2013 से उनका परिवार तिमड़ा गांव में अपने ससुराल में रह रहा था। उनके ससुर ने अपनी जमीन बेटी-दामाद के नाम लिख दी थी, जिसके चलते गोतिया पक्ष के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने परिवार को डराने-धमकाने के लिए बाहरी लोगों का सहारा लिया।

नारायण महतो का कहना है कि अपराधियों की मंशा पूरे परिवार को निशाना बनाने की थी। उन्होंने बताया कि जब गोलीबारी शुरू हुई तो परिवार के सदस्य किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, वरना और कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल फैल गया है। सूचना मिलते ही कर्रा थाने की पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों अशोक कुमार सिंह और क्रिस्टोफर केरकेट्टा की अगुवाई में टीम अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख