35 C
Kolkata
Wednesday, April 15, 2026

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में सड़क हादसा, सात की मौत, 21 घायल

चंडीगढ़ । पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में बीती रात हुए सडक़ हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि 21 लोग घायल हो गए। मृतकों में दो सगे भाई तथा पांच व्यक्ति एक ही गांव के हैं। सभी पीडि़त आनंदपुर साहिब में बैसाखी कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे थे। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकतर श्रद्धालुओं को गांव मैणमाजरा में उतरना था लेकिन करीब दो किलोमीटर पहले यह हादसा हो गया।

वैसाखी के अवसर पर आनंदपुर साहिब में आयोजित कार्यक्रम में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। देररात कीर्तन दरबार तथा लंगर के बाद श्रद्धालु बसों में सवार होकर अपने-अपने घरों को लौटे। फतेहगढ़ साहिब से आई एक बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। इनमें से अधिकतर को गांव मैणमाजरा में उतरना था। बस जैसे ही गांव हिम्मतपुरा के पास पहुंची तो उसमें तकनीकी खराबी आ गई और वह खंभे से टकराकर पलट गई। कुछ घायलों ने दावा किया है कि खंभे से टकराने के बाद बस में करंट आ गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया और अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किए। पुलिस ने 12 घायलों को मोरिंडा और 9 को फतेहगढ़ साहिब के अस्पतालों में पहुचाया । गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है।

एसएसपी डॉ.शुभम अग्रवाल के अनुसार, मैण माजरा में जहां श्रद्धालुओं ने उतरना था वो सिर्फ 1.5 किलोमीटर की दूरी पर था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग व पुलिस अधिकारी मौके पर आए। घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे में गांव मैण माजरी के रहने वाले जगविंदर सिंह, गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी इकबाल सिंह, लखबीर सिंह, हरवीर सिंह, परदीप कौर और रणजीत कौर की मौत हो गई। इसके साथ कज्जल माजरा गांव के कुलविंदर सिंह की भी जान चली गई। मृतकों में लखबीर सिंह और हरवीर सिंह सगे भाई थे।

Related Articles

नवीनतम लेख