32 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

जमशेदपुर में सनसनीखेज वारदात: महुआ चुनने गई वृद्ध महिला की लाठी-पत्थरों से कूचकर हत्या, ग्रामीणों ने खदेड़कर आरोपित को दबोचा

पूर्वी सिंहभूम| कोवाली थाना क्षेत्र के नारदा पंचायत अंतर्गत कुंदरूकोचा गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ जंगल के किनारे महुआ चुनने गई एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की गांव के ही एक युवक ने लाठी और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपित को रंगे हाथों खदेड़कर पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार कुंदरूकोचा गांव की रहने वाली बुस्की मुर्मू (65 वर्ष) हर दिन की तरह सोमवार सुबह भी गांव के पास स्थित जंगल में महुआ चुनने के लिए गई हुई थीं। वह महुआ चुन ही रही थीं कि तभी गांव का ही रहने वाला राम सरदार नामक युवक अचानक वहां आ धमका और बिना किसी वजह के उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपित ने पहले महिला पर लाठी से जोरदार वार किया और जब वह जमीन पर गिर गईं, तो उन पर भारी पत्थरों से लगातार हमला करता रहा। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण बुस्की मुर्मू ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

वृद्ध महिला की हत्या की खबर जंगल की आग की तरह फैली और बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण घटना स्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे हत्यारे राम सरदार को चारों तरफ से घेराबंदी करके दबोच लिया। गुस्से से तमतमाए लोगों ने पहले उसकी अच्छे से पिटाई की और फिर स्थानीय कोवाली थाना पुलिस को इसकी सूचना देकर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सूचना पाते ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। वहीं ग्रामीणों की पिटाई से जख्मी हुए आरोपित राम सरदार को भी पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुरुआती जांच और ग्रामीणों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपित राम सरदार मानसिक रूप से विक्षिप्त (अस्वस्थ) है। हालांकि पुलिस हत्या के पीछे के सभी संभावित कारणों और पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख