बोकारो | झारखंड के बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ चाकुलिया पंचायत के रामडीह टोला में एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर नृशंस हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
10 दिन पहले ही काम से लौटा था पति
मृतक महिला की पहचान सोनू देवी के रूप में हुई है। आरोपी पति विकास रजवार तमिलनाडु में मजदूरी करता है और करीब 10 दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद से ही पत्नी सोनू देवी अपने मायके जाने की जिद कर रही थी, जिसे लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार अनबन चल रही थी।
नींद में किया जानलेवा हमला
शनिवार रात भी मायके जाने की बात को लेकर दोनों के बीच काफी नोकझोंक हुई थी। विवाद के बाद पत्नी अपने 13 माह के बच्चे के साथ सोने चली गई। रविवार सुबह जब पत्नी गहरी नींद में थी, तब गुस्से में पागल विकास ने कुल्हाड़ी उठाई और सोई हुई पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में सोनू देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
खुद पिता को दी हत्या की जानकारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विकास ने खुद अपने पिता शक्तिपद रजवार को इस बात की जानकारी दी कि उसने अपनी पत्नी को मार डाला है। इसके बाद परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पिंडराजोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
मामले की जानकारी देते हुए एसआई शंकर कुमार ने बताया कि आरोपी पति विकास रजवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। घर में मौजूद 13 माह के मासूम के सिर से मां का साया उठ गया है और पिता अब सलाखों के पीछे है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से छानबीन कर रही है।

