33 C
Kolkata
Saturday, August 22, 2026

मघरी में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी

सीवान। भगवानपुर हाट प्रखंड के मघरी गांव में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मघरी बाजार के पास एनएच-331 के किनारे सड़क से करीब 300 मीटर दूर युवक का शव बरामद होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मघरी गांव निवासी रामजीत महतो के 24 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रदीप शुक्रवार रात खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान नेपाल में रहने वाले उसके एक दोस्त का वीडियो कॉल आया। फोन पर बातचीत करते हुए वह घर से करीब 800 मीटर दूर मघरी एनएच-331 के किनारे पहुंच गया।

परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान चार लोग वहां पहुंचे और प्रदीप से मुजफ्फरपुर जाने का रास्ता पूछने लगे। आरोप है कि बातचीत के दौरान ही उन लोगों ने चाकू निकाल लिया और प्रदीप से कहासुनी शुरू कर दी। इसी बीच वीडियो कॉल अचानक कट गया। नेपाल में मौजूद प्रदीप का दोस्त फोन पर हो रही बातचीत और शोर सुन रहा था। कॉल कटने के बाद उसने गांव में और प्रदीप के परिजनों को सूचना दी कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां प्रदीप या कथित हमलावरों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस और परिजनों ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर मघरी बाजार के पास सड़क किनारे प्रदीप का शव मिला।

घटनास्थल से दो चप्पल बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से प्रदीप की एक चप्पल के अलावा एक अन्य व्यक्ति की चप्पल भी बरामद की है। पुलिस इन बरामद वस्तुओं को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मानकर मामले की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और युवक के मोबाइल फोन से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

सूरत की साड़ी फैक्ट्री में करता था काम

प्रदीप तीन भाइयों में मंझला था और अविवाहित था। उसकी तीन बहनें हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। करीब चार वर्ष पहले उसकी मां सुगांति देवी का निधन हो गया था। प्रदीप सूरत की एक साड़ी फैक्ट्री में काम करता था और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

महाराजगंज एसडीपीओ अमन ने बताया कि मघरी बाजार के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद हुआ है। शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए घटना में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

Related Articles

नवीनतम लेख