रामगढ़| शहर के शिवाजी रोड स्थित प्रसिद्ध किला मंदिर परिसर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से इनरव्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। क्लब के तत्वावधान में मंदिर परिसर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए आठ अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष नमिता श्रॉफ ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि किला मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का एक बड़ा केंद्र है, जहां हर रोज भारी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना क्लब की प्राथमिकता रही है।
अध्यक्ष ने आगे कहा कि इन कैमरों के लग जाने से अब मंदिर परिसर और उसके आसपास होने वाली तमाम गतिविधियों पर तीसरी आंख के जरिए पैनी नजर रखी जा सकेगी। इससे न केवल असामाजिक तत्वों पर लगाम लगेगी, बल्कि किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति या संदिग्ध गतिविधि होने पर पुलिस और प्रशासन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में बड़ी सहूलियत होगी। इस बेहतर कदम के लिए मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने इनरव्हील क्लब का आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल मंदिर की आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। कैमरे के उद्घाटन के इस विशेष अवसर पर रेनू मेवाड़, जनेशा वडेरा, मेघा बगड़िया, अनुराधा श्रॉफ, दीपा वडेरा, श्वेता जैन, ममता वसंत और अविनाश कौर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
