34 C
Kolkata
Wednesday, April 22, 2026

जांच में लापरवाही पर पांच स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोका,मांगा स्पष्टीकरण

अररिया। जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर बनाने के उद्देश्य से डीएम विनोद दूहन के द्वारा जांच कराया गया था,जिसमें टीम द्वारा दिए गए प्रतिवेदन के आधार पर डीएम ने बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए पांच स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोकने का आदेश जारी करते हुए स्पष्टीकरण पूछा है। वही सुविधाओं की कमी को लेकर संबंधित एजेंसी से भी कारण पृच्छा की गई है।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतगंज एवं अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज में डॉ. आशुतोष कुमार और डॉ. अर्चना प्रसाद अनुपस्थित पाए गए। वहीं नरपतगंज में स्टाफ नर्स चंदन कुमार एवं रोहित सिंह अनुपस्थित मिले। संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए उनका वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया है।

जिले के पलासी, भरगामा, नरपतगंज, कुर्साकाटा सहित फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल एवं रानीगंज रेफरल अस्पताल में टायफाइड किट उपलब्ध नहीं पाई गई। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जोकिहाट एवं कुर्साकांटा के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को मिलने वाली भोजन सुविधा बंद पाई गई। संबंधित एजेंसी से जवाब-तलब करते हुए शीघ्र भोजन सेवा बहाल करने का आदेश दिया गया है।

सिकटी, भरगामा एवं नरपतगंज में सिटिजन चार्टर प्रदर्शित नहीं पाया गया। इस पर चेतावनी देते हुए तत्काल सिटिजन चार्टर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में दिन के रंग के अनुरूप बेडशीट उपलब्ध नहीं थी। प्रभारी उपाधीक्षक एवं अस्पताल प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगते हुए निर्धारित मानक के अनुसार बेडशीट बदलने का निर्देश दिया गया।

भरगामा एवं जोकिहाट में सेवाकाल लाभ से संबंधित दो मामले लंबित पाए गए। इनमें से एक मामला प्रक्रियाधीन है, जबकि दो मामलों को सिविल सर्जन के पास भेजा गया है। सिविल सर्जन को इन मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

सिकटी, पलासी एवं कुर्साकांटा में सेमी ऑटो एनालाइजर एवं ट्रूनेट शून्य पाया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से जवाब-तलब करते हुए जांच सुविधा सुचारू रूप से शुरू करने का निर्देश दिया गया।

भरगामा स्वास्थ्य केंद्र में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के तहत डॉक्टर, सीएचओ एवं एएनएम की उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही थी। इस पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछते हुए वेतन भुगतान को बायोमेट्रिक उपस्थिति से जोड़ने का निर्देश दिया गया। सदर अस्पताल, अररिया में स्टाफ नर्स सुप्रिया कुमारी अनुपस्थित पाई गईं। उनसे स्पष्टीकरण मांगते हुए उनका वेतन स्थगित कर दिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संस्थानों को निर्धारित मानकों के अनुसार सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

Related Articles

नवीनतम लेख