34 C
Kolkata
Wednesday, April 22, 2026

सचिन तेंदुलकर आज बस्तर में, खेल मैदानों की देंगे सौगात

दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ का नक्सल प्रभावित रहा दंतेवाड़ा जिला आज एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। दुनिया के महानतम क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर आज दंतेवाड़ा के प्रवास पर हैं। वे यहाँ सुदूर वनांचल क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए बनाए गए आधुनिक मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड्स का उद्घाटन करेंगे।

‘मैदान कप’ पहल: बदल रही है बस्तर की तस्वीर
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के अनुसार, सचिन तेंदुलकर का यह दौरा केवल एक औपचारिक उद्घाटन नहीं है। ‘सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन’ और जिला प्रशासन के साझा प्रयास से जिले के सुदूर गांवों में 50 खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं। अब तक 15 मैदानों का काम पूरा हो चुका है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ‘मैदान कप’ के जरिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों को मुख्यधारा और खेलों से जोड़ना है। सचिन आज छिंदनार और जावंगा जैसे गांवों में बने नए स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीएम का दौरा रद्द
सचिन तेंदुलकर चार्टर्ड प्लेन से रायपुर पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे दंतेवाड़ा आएंगे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात की है। हालांकि, पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उनके साथ आने वाले थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका और सचिन का गीदम ऑडिटोरियम व पनेड़ा क्रिकेट ग्राउंड का दौरा रद्द कर दिया गया है।

बस्तर के बच्चों के लिए बड़ा दिन
जिला प्रशासन और खेल प्रेमियों के लिए यह गर्व का विषय है कि क्रिकेट के ‘मास्टर ब्लास्टर’ खुद बस्तर की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने जमीन पर उतर रहे हैं। कलेक्टर और एसपी गौरव राय ने खुद आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा और तैयारियों का जायजा लिया है।

Related Articles

नवीनतम लेख