30.6 C
Kolkata
Wednesday, July 1, 2026

रांची ट्रैफिक पुलिस सख्त : जून महीने में 1,24,144 चालान कटे, 9.50 करोड़ रुपये का जुर्माना

राजधानी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने बेहद सख्त रुख अपनाया। जून महीने में 124144 वाहनों का चालान काटा गया है, जबकि मई महीने में 50 हजार ही चालान काटा था। जून महीने में रिकॉर्ड कार्रवाई हुई है। जून में 9.50 करोड़ के चालान निर्गत हुए हैं। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई की जा रही है।

बुधवार को रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त है। ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए पहले जागरुकता अभियान चलाया गया था, अब चालान काटा जा रहा है। यह कार्रवाई शहर के लगभग हर प्रमुख चौक-चौराहे और व्यस्त मार्गों पर नियमित निगरानी के साथ की गई है।

उन्होंने बताया कि नो पार्किंग का सबसे अधिक 50500, बिना हेलमेट 58743, पीछे सवारी के बिना हेलमेट 547, ओवर स्पीडिंग 2118, रेडलाइट जंप में 4612 तथा ऑटो के ओवर लोड में 1359, ड्रंक एंड ड्राइव में 99 लोगों का चालान काटा गया है। जबकि 765 लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस ट्रैफिक नियम के उल्लंघन के कारण सस्पेंड किया गया है। इसके अलावा अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए भी चालान काटा गया है।

ट्रैफिक पुलिस के कार्यालय से मिले आंकड़ों के मुताबिक अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस चलाना, वाहन बीमा न रखना, सीट बेल्ट न पहनना, शराब पीकर वाहन चलाना, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग, प्रदूषण प्रमाणपत्र न होना, काली फिल्म (टिंटेड शीशे) और संशोधित साइलेंसर लगाने जैसे कई उल्लंघनों पर भी सख्ती दिखायी गई है। कुल 44 ऑटो चालकों पर कार्रवाई हुई और 22 मामलों में नंबर प्लेट संबंधित परिवर्तन/उल्लंघन पकड़ा गया। 765 मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई और 831 गंभीर मामलों में अभियोजन कर सीधे न्यायालय भेजा गया है।

हमारा उद्देश्य लोगों को डराना नहीं बल्कि उन्हें ट्रैफिक नियमों के संबंध में समझाना है। ट्रैफिक एसपी ने बताया कि लोगों को जानकारी देने के लिए और ट्रैफिक नियमों को समझने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। विभिन्न चौक-चौराहों पर केवल चालान ही नहीं काटा जाता लोगों को जागरूक भी किया जाता है। जागरूकता के तहत विभिन्न स्कूलों-कॉलेजों में भी ट्रैफिक पुलिस विद्यार्थियों को जागरुक कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख