34.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

बदायूं मुठभेड़: 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सिविल लाइन थाना पुलिस और बदमाश के बीच बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।

तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।

12 से अधिक मामलों में था वांछित

पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाश की पहचान संभल जिले के बनियाठेर निवासी जितेंद्र उर्फ ढालू (35) के रूप में हुई है। वह इस्लामनगर थाना क्षेत्र में हुई डकैती की घटना में वांछित था और उस पर डीआईजी बरेली की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

उसके खिलाफ नोएडा, अमरोहा समेत विभिन्न जिलों में लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के लगभग 12 मुकदमे दर्ज हैं।

हथियार और जेवर बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस तथा कुछ जेवर बरामद किए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख