रांची| झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला संयोजक मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कांके स्थित एक बैंक्विट हॉल में आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी सांगठनिक मजबूती को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रांची जिला अंतर्गत आने वाले सभी प्रखंडों के हर बूथ पर बीएलए-2 और 10 सदस्यीय बूथ कमेटी का गठन किया जाएगा। इस बड़े कार्य को समय पर पूरा करने के लिए पार्टी के केंद्रीय सदस्यों और जिला संयोजक मंडली के पदाधिकारियों को प्रखंडवार विशेष और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस सांगठनिक बैठक की अध्यक्षता रांची जिला संयोजक मंडली के प्रमुख मुश्ताक आलम ने की। बैठक में तय की गई जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बुढमू और कांके प्रखंड का प्रभार पवन जेड़िया और सोनू मुंडा को सौंपा गया है। इसी तरह इटकी प्रखंड के लिए समनुर मंसूरी, जबकि सिल्ली, सोनाहातू और राहे प्रखंड के लिए अश्विनी शर्मा और झब्बू लाल महतो को जिम्मेदारी दी गई है। ओरमांझी और नगड़ी प्रखंड का जिम्मा अंतू तिर्की को, अनगड़ा और नामकुम प्रखंड का कार्यभार हेमलाल मेहता को, मांडर और चान्हो प्रखंड के लिए जयवंत तिग्गा को तथा खलारी और रातू प्रखंड के लिए धर्मेंद्र सिंह को अधिकृत किया गया है। इसके अलावा लापुंग, बेड़ो, बुंडू और तमाड़ प्रखंड की कमान खुद मुश्ताक आलम और वीरू तिर्की को सौंपी गई है।
प्रमुख मुश्ताक आलम ने सांगठनिक एजेंडे को स्पष्ट करते हुए कहा कि सभी केंद्रीय सदस्यों और जिला संयोजक मंडली के सदस्यों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। सभी प्रभारी तुरंत अपने-अपने आवंटित प्रखंडों के स्थानीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे। सभी प्रभारियों को आगामी 15 जून तक हर हाल में प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 और संपर्क व व्हाट्सएप नंबर सहित 10 सदस्यीय बूथ कमेटी का गठन पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। इस पूरी प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद गठन की आधिकारिक कार्यवाही पुस्तिका को संलग्न करते हुए पूरी रिपोर्ट अनिवार्य रूप से केंद्रीय कार्यालय को सौंपनी होगी।
