नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने कहा कि इस घटना से रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं और मंदिर प्रबंधन को व्यवस्था एवं संचालन की कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को जारी वीडियो संदेश में कहा कि दान पात्रों से जमा राशि की चोरी अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास से हिंदू समाज की स्वाभाविक अपेक्षा है कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी प्रशासनिक और प्रबंधन संबंधी कमियों को दूर किया जाए।
पारदर्शी व्यवस्था और निष्पक्ष जांच पर जोर
होसबाले ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और मंदिर की वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी तथा धार्मिक वातावरण की गरिमा के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने न्यास के अनुरोध पर विशेष जांच दल का गठन किया है और उसकी अनुशंसा के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कठोर दंड मिलना चाहिए।
संयम बनाए रखने की अपील
संघ ने समाज से अपील की कि इस घटना के दौरान धैर्य और संयम बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या समाज को बांटने के प्रयासों से सावधान रहें। होसबाले ने कहा कि राम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं के त्याग, समर्पण और लंबे संघर्ष का प्रतीक है तथा उसकी गरिमा और श्रद्धा अक्षुण्ण रहनी चाहिए।
