32.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

भारत-बांग्लादेश के बीच मिताली, बंधन और मैत्री एक्सप्रेस के फिर से शुरू होने की उम्मीद

सिलीगुड़ी। भारत और बांग्लादेश के बीच रेल संपर्क बहाल होने की संभावना एक बार फिर मजबूत होती दिख रही है। लंबे समय से बंद मिताली एक्सप्रेस के साथ-साथ बंधन एक्सप्रेस और मैत्री एक्सप्रेस के भी दोबारा संचालन को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। कूटनीतिक स्तर पर सकारात्मक पहल और बांग्लादेश में भारतीय वीजा केंद्रों के पूर्ण रूप से फिर से संचालित होने के बाद इस दिशा में उम्मीद बढ़ी है।

सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के रेलवे अधिकारियों के बीच लगातार बैठकें हो रही हैं। इनमें ट्रेनों के रूट, रेल पटरियों की स्थिति और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे की समीक्षा की जा रही है। यदि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं, तो इसी महीने के भीतर यात्री रेल सेवाएं फिर से शुरू की जा सकती हैं।

अभी तय नहीं हुई संचालन की तारीख

उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि मिताली एक्सप्रेस के संचालन की अभी कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है। उच्च स्तर के निर्देश पर ट्रैक और अन्य बुनियादी ढांचे का आकलन किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि जुलाई-अगस्त 2024 में बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा कारणों से भारत सरकार ने मैत्री एक्सप्रेस, बंधन एक्सप्रेस और मिताली एक्सप्रेस का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया था। हालांकि इस दौरान दोनों देशों के बीच मालगाड़ियों का परिचालन जारी रहा, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित नहीं हुईं।

बांग्लादेश में नई सरकार के गठन और हालात सामान्य होने के बाद दोनों देशों के बीच यात्री रेल सेवाओं को बहाल करने की दिशा में प्रयास तेज हुए हैं। हालांकि ट्रेनों के संचालन की आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है।

Related Articles

नवीनतम लेख