29 C
Kolkata
Thursday, April 30, 2026

राहुल रॉय का ट्रोल्स को करारा जवाब: “मेरे संघर्ष का मज़ाक उड़ाना आपकी सोच दिखाता है, चिंता है तो काम दिलाने में मदद करें”

मुंबई । ‘आशिकी’ फेम अभिनेता राहुल रॉय पिछले कुछ समय से अपनी वायरल रील्स और सादगी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। जहाँ कुछ लोग उनके संघर्ष की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ उन्हें ट्रोल करने से भी बाज नहीं आए। अब राहुल रॉय ने इन आलोचनाओं पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए ट्रोल्स को आइना दिखाया है।

“ईमानदारी से काम करना कोई गुनाह नहीं”
कंटेंट क्रिएटर डॉ. वनिता घड़ागे देसाई के साथ बनाए गए वीडियो पर उठ रहे सवालों के बीच राहुल ने स्पष्ट किया कि वे अपनी गरिमा के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “अगर लोग मेरी सादगी या मेरे संघर्ष का मजाक उड़ाते हैं, तो यह मेरी नहीं बल्कि उनकी सोच की कमी है। मैं अपनी जिम्मेदारियां ईमानदारी और विनम्रता के साथ निभा रहा हूँ।”

ब्रेन स्ट्रोक के बाद की चुनौतियाँ और आर्थिक बोझ
अभिनेता ने अपनी निजी चुनौतियों का जिक्र करते हुए बताया कि उन पर कुछ पुराने कानूनी मामलों और आर्थिक जिम्मेदारियों का बोझ है, जो उनके ब्रेन स्ट्रोक से पहले के हैं। उन्होंने कहा ब्रेन स्ट्रोक से उबरने के बाद सक्रिय रहना उनके लिए बेहद जरूरी है। काम उन्हें मानसिक रूप से मजबूत रखता है। वे अपनी जरूरतों और देनदारियों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय खुद मेहनत करना चाहते हैं।

चिंता है तो काम दें, ताने नहीं
राहुल रॉय ने ट्रोलर्स और सहानुभूति दिखाने वालों को नसीहत देते हुए कहा कि अगर लोग सच में उनकी परवाह करते हैं, तो उन्हें सम्मानजनक काम दिलाने में मदद करें। उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं से उन्हें दुख जरूर पहुँचा है, लेकिन वे टूटने वाले नहीं हैं और अपना काम जारी रखेंगे।

राहुल रॉय के इस रुख की सोशल मीडिया के एक बड़े वर्ग ने सराहना की है और इसे एक ‘फाइटर’ का असली जज्बा बताया है।

Related Articles

नवीनतम लेख