34.8 C
Kolkata
Saturday, July 4, 2026

प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, मंदिर में पूजा करने के दौरान वारदात

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डेरा चौक पर शनिवार सुबह एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहाँ मंदिर में पूजा करने पहुंचे स्थानीय किताब व्यवसायी सह प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घात लगाए अपराधियों ने करीब से मारीं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्याम कुमार कुशवाहा हर दिन की तरह सुबह डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दो गोलियां लगने के बाद वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और अपराधी हथियार लहराते हुए आसानी से फरार हो गए। परिजन उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज मुजफ्फरपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जमीनी रंजिश की आशंका, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच के आधार पर हत्या के तार व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता या जमीनी विवाद से जुड़े होने की प्रबल आशंका है, क्योंकि मृतक एक पूर्व मुखिया के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते थे। एसएसपी ने कहा कि पुलिस की विशेष टीमें तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही हैं, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख